

पायल दवे
म्हारो राजस्थान राजस्थान टीवी
डिजिटल डेस्क मुंबई: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में एक बड़ी रेल दुर्घटना सामने आई है। महाराष्ट्र के जलगांव में ट्रेन हादसा पुष्पक एक्सप्रेस (12533 Lucknow-CSMT Pushpak Express) में आग की अफवाह फैलने पर यात्रियों ने छलांग लगा दी। दूसरे ट्रैक से आ रही ट्रेन (12627 Bengaluru-New Delhi Express) ने कई लोगों को कुचल दिया। यह घटना परांडा स्टेशन पर हुई। पुष्पक ट्रेन उत्तर प्रदेश के लखनऊ से चलकर मुंबई जा रही थी। जलगांव के परांडा स्टेशन के पास यह घटना हो गई। इस हादसे में 11 यात्रियों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने यह जानकारी दी। इस घटना में 30-40 अन्य के घायल होने की सूचना है। ऐसी संभावना है कि यात्रियों की मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है। रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। इसे घटना से ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। मध्य रेलवे ने घटनास्थल के लिए एक रिलीफ ट्रेन भी भेजी है। मध्य रेलवे ने एक बयान में कहा है कि घटना करीब पांच बजे हुई।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अत्यंत दुखद बताया।
उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा, “जलगांव जिले के पचोरा के पास एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जान गंवाने की दुखद घटना बेहद दुखद है। मैं उन्हें अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”उन्होंने कहा, “मेरे सहयोगी मंत्री गिरीश महाजन और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, तथा जिला कलेक्टर भी कुछ ही देर में वहां पहुंचेंगे। पूरा जिला प्रशासन रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय में काम कर रहा है, तथा घायलों के उपचार के लिए तत्काल व्यवस्था की जा रही है। 8 एम्बुलेंस भेजी गई हैं। सामान्य अस्पताल के साथ-साथ अन्य नजदीकी निजी अस्पतालों को भी घायलों के उपचार के लिए तैयार रखा गया है। ग्लास कटर, फ्लड लाइट आदि आपातकालीन उपकरण भी तैयार रखे गए हैं। हम पूरी स्थिति पर नजर रख रहे हैं तथा सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जा रही है। मैं जिला प्रशासन के संपर्क में हूं।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पक ट्रेन दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है और घायलों के लिए पर्याप्त चिकित्सा उपचार के आदेश दिए हैं।